पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार होंगे। दरअसल कांग्रेस,तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित 13 विपक्षी दलों ने मंगलवार को बैठक के बाद विपक्ष के उम्मीदवार के तौर पर यशवंत सिन्हा के नाम पर सहमति जताई है। हालांकि इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आया है लेकिन सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति चुनाव के लिए सर्वसम्मति से विपक्षी दल का उम्मीदवार चुन लिया गया है।
सूत्रों की माने तो एनसीपी प्रमुख शरद पवार द्वारा बुलाई गई बैठक के बाद विपक्षी दल यशवंत सिन्हा के नाम पर सहमत हुए। बता दें कि इससे पहले विपक्षी दलों द्वारा जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और गोपाल कृष्ण गांधी में से किसी एक विपक्ष के राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर तय किए जाने की बात सामने आ रही थी।। लेकिन सूत्रों की माने तो विपक्षी दलों ने यशवंत सिन्हा के नाम पर मुहर लगा दी है और इसकी घोषणा जल्द ही की जा सकती है।