राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों के लिए मुफ्त राशन के साथ आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार 72 लाख राशन कार्ड धारियों को 2 महीने का फ्री देगी। इसके अलावा आटो-रिक्शा चलाने वालों को 5 हजार रुपए की आर्थिक मदद अलग से दी जाएगी। इससे लॉकडाउन के इस कठिन समय में गरीबों को मदद मिलेगी।
केजरीवाल ने कहा कि दो महीने का राशन देने का मतलब ये नहीं है कि लॉकडाउन भी दो महीने तक चलेगा। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन लगाना जरूरी था। हमारी सरकार जानती है कि इसका लोगों पर बुरा असर पड़ सकता है। रोजाना मेहनत-मजदूरी करके कमाने वाले इससे काफी परेशान हो रहे हैं। इसलिए हमने उनकी मदद करने का फैसला लिया है।
आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली सरकार ने मजदूरों को 5 हजार रुपए देने का वादा किया था। इस योजना के तहत 2 लाख 10 हजार 648 मजदूरों को लाभ मिलेगा। इस दौरान दिल्ली सरकार को 52 करोड़ 88 लाख रुपए भी अलॉट किए थे।
गौरतलब हो कि राजधानी दिल्ली में कोरोना की रफ्तार धीमी होती नजर आ रही है। सोमवार को 18,043 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए तो वहीं 20,293 लोग ठीक हुए और 448 की मौत हुई।