उत्तर प्रदेश के बंदायू जिले के बिसौली के दबतोरी चौकी क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस भी सख्ते में आ गई है। दरअसल, दबतोरी चौकी क्षेत्र के एक युवक ने कुछ दिन पहले बिसौली पुलिस से शिकायत की दर्ज कराई जिसमें उसने बताया की उसकी शादी 2016 में वजीरगंज क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। साल भर दोनों साथ रहे।
अगले साल पत्नी उसके पिता के साथ कहीं चली गई। तब से वह दोनों को तलाश कर रहा था। हाल ही में उसे पता लगा कि दोनों लोग चंदौसी में रह रहे हैं। युवक ने जन सूचना के जरिये भी अपनी पत्नी व पिता के बारे में जानकारी मांगी थी। शुक्रवार को पुलिस उसके पिता व पत्नी को पकड़कर ले आई।
पिता को हवालात में बंद कर पत्नी के बयान लिए गए तो पत्नी ने बताया की, वह अपने पति से परेशान थी। शादी के वक्त पति नाबालिग था। वह अपनी मर्जी से ससुर के साथ गई। दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और अब ससुर से उसका दो साल का बेटा भी है। वे दोनों अपनी जिंदगी में खुश हैं।
गांव में बदनामी के डर से वे चंदौसी जाकर रहने लगे हैं। महिला ससुर के साथ ही पत्नी की तरह रहने की बात बताते हुए उनके साथ जाने पर अड़ गई। कोर्ट के कुछ प्रमाणपत्र भी उसके पास थे। उसे पुलिस जबरन नहीं रोक सकती थी। महिला की इच्छा के आगे पति का दावा कमजोर पड़ गया और वह ससुर के साथ ही चली गई। अब दोनो पति-पत्नी का रिश्ता मां-बेटे में बदल चुका है।