किसान नेता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को एक ट्वीट कर बड़ा विवाद छेड़ दिया है। दरअसल, टिकैत ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मदद की गुहार लगाते हुए भारत के आंतरिक मामलो में दखल देने की मांग की है। राकेश टिकैत ने शुक्रवार को ट्वीट कर लिखा, “प्रिय जो बाइडेन, हम भारतीय किसान मोदी सरकार की ओर से लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलन करते हुए बीते 11 महीने में 700 किसानों की मौत हो चुकी है। इन कानूनों को हमारे बचाव के लिए वापस लिया जाना चाहिए। पीएम नरेंद्र मोदी से मीटिंग के दौरान हमारी चिंताओं का भी ख्याल रखें।” वहीं राकेश टिकैत के ट्वीट को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की सदस्य कविता कुरुगांती ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समर्थन हासिल करना इस आंदोलन के हर स्तर पर मजबूत होने के लिए जरूरी है।
मैं निजी तौर पर मानती हूं कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। बता दें की टिकैत के इस ट्वीट के बाद से ट्विटर पर #Biden_SpeakUp4Farmers ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है। वहीं किसानों को तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करते हुए करीब एक साल पूरा होने वाला है। बीते साल अक्टूबर की शुरुआत में ही इस आंदोलन की शुरुआत हो गई थी। इसी साल की शुरुआत में पॉप स्टार रिहाना, ग्रेटा थनबर्ग और पोर्न स्टार मिया खलीफा समेत कई विदेशी हस्तियों ने इन कानूनों को लेकर टिप्पणी की थी।