सोमवार को किसानों द्वारा केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे ‘भारत बंद’ को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने खुलकर समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों का अहिंसक सत्याग्रह अखंड है इसलिए यह तानशाही और शोषण करने वाली सरकार को पसंद नहीं आ रहा है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, “किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है, लेकिन शोषण करने वाली सरकार को ये नहीं पसंद है। इसलिए आज भारत बंद है।”
कांग्रेस के अलावा विभिन्न विपक्षी दलों ने भी किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। वहीं, भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि तीन कृषि कानूनों के वापस लिए जाने तक वह अपना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। बता दें संयुक्त किसान मोर्चा ने पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर की किसान महापंचायत में 27 सितंबर को ‘भारत बंद’ का आह्वान किया था।
फिलहाल दिल्ली की सीमाओं पर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। इसके चलते एक तरफ दिल्ली की सीमाओं पर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया है तो वहीं कई शहरों में ट्रेनें भी थम गई हैं। दिल्ली से उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला गाजीपुर बॉर्डर किसान आंदोलनकारियों ने जाम कर दिया है। वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस रूट पर चलने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी है।
किसान मोर्चा के प्रवक्ता और यूपी गेट पर आंदोलन कर रहे जगतार सिंह बाजवा ने कहा, “हमारे समर्थक सुबह 6 बजे से ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की लेन पर बैठे हैं। इसे हम शाम को 4 बजे तक खाली कर देंगे। हालांकि हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी आपातकालीन वाहन को न रोका जाए।” बता दें संयुक्त किसान मोर्चा के बैन तले किसान बीते साल अक्टूबर से ही आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि तीन नए कृषि कानूनों को रद्द किया जाए और एमएसपी की गारंटी देने वाला एक कानून बनाया जाए।