जैसे जैसे उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक आ रहे है ठीक वैसे ही सभी राजनैतिक दलों ने भी अपनी अपनी कमर कस ली है। इसी बीच जहां कुछ दिन पहले ही प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं… लड़ सकती हूं’ का स्लोगन लेकर उत्तर प्रदेश में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने का फैसला किया। वहीं अब सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का बड़ा चुनावी वादा कर दिया है।
दरअसल, प्रियंका गांधी बुधवार को लखनऊ से आगरा जा रही थीं। इस दौरान रास्ते में उन्हें कुछ स्कूली छात्राएं मिलने पहुंच गई। छात्राओं ने प्रियंका से कहा कि वे उनके साथ सेल्फी लेना चाहती हैं। प्रियंका ने इस बात पर मुस्कुराते हुए हां कह दिया। छात्राओं ने कहा कि उनके पास स्मार्ट फोन नहीं है। इस प्रियंका ने अपने मोबाइल पर सेल्फी ली और नंबर देकर छात्राओं को ये तस्वीरें भिजवाने को कहा।
इसके साथ ही प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह ऐलान भी कर दिया की यूपी में अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो इंटरमीडिएट पास लड़कियों को स्मार्टफोन और ग्रेजुएशन पास लड़कियों को स्कूटी देंगे। छात्राओं ने बताया कि जब उन्होंने प्रियंका गांधी को बताया कि उनके पास मोबाइल नहीं है तो उन्होंने कहा कि तुम लोगों को मोबाइल दिलवा दें? छात्राओं ने कहा कि इससे अच्छी बात क्या है कि हर एक लड़की के पास स्मार्टफोन हो।
इसके बाद लड़कियों ने यह भी बताया कि वे प्रियंका से मिलकर बहुत खुश हैं और उन्हें यूपी के सीएम के तौर पर भी देखना चाहती हैं। इन सब के बीच प्रियंका ने ट्वीट कर बताया, “कल मैं कुछ छात्राओं से मिली। उन्होंने बताया कि उन्हें पढ़ने और सुरक्षा के लिए स्मार्टफोन की जरूरत है। मुझे खुशी है कि घोषणा समिति की सहमति से आज UP कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सरकार बनने पर इंटर पास लड़कियों को स्मार्टफोन और स्नातक लड़कियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी दी जाएगी।”