दिल्ली में कल नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। इस बीच कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि वो सबसे मजबूत स्थिती में है। कांग्रेस के नेताओं ने दावा किया है कि कांग्रेस दिल्ली नगर चुनाव में मजबूत स्थिति में है और भाजपा और आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार और जन विरोधी नीतियों के कारण जनता इन दोनों पार्टियों का बहिष्कार कर रही है। कांग्रेस नेता अजय कुमार ने दावा किया कि हम दिल्ली नगर निगम बहुमत से आऐंगे और दिल्ली में मेयर कांग्रेस का होगा। प्रदेश अध्यक्ष चौ0 अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा के सहयोगी अरविंद केजरीवाल़ हमेशा सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चुप रहते हैं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल समाज को बांटने वाले परिसीमन पर चुप रहते है, केजरीवाल दविदास मंदिर बनाने को लेकर चुप रहते है, दलितों पर हो रहे अत्याचारों पर चुप रहते है, महरौली में चर्च तोड़े जाने पर चुप रहते है और जामिया-जेएनयू को बदनाम करने वालों पर भी चुप क्यों रहते हैं उन्हें इनका जवाब देना चाहिए। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा और केजरीवाल सरकार की नाकामियों को हम लगातार कांग्रेस विजन के अंतर्गत उजागर करते आ रहे है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में दलितों, गरीबों, अल्पसंख्यकों, मजदूरों, बेरोजगारों को कैसे राहत देंगे, उसको सत्ता में आने पर पूरा करके दिखाऐंगे।
दिल्ली प्रभारी डा. अजय कुमार ने कहा आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली में जिस तरह से दलितों, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यकों, महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है वह उनकी सिद्धांत विहिन राजनीति का जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा का वादा करके सीसीटीवी लगाने व दिल्ली में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों पर रोक लगाने का दावा किया था परंतु अरविन्द केजरीवाल के शासन में औसतन 2 बालिकाओं के साथ प्रतिदिन बलात्कार हो रहे है और 46 प्रतिशत छेड़खानी व 40 प्रतिशत बलात्कार की घटनाओं में वृद्धि हुई है।
कांग्रेस नेता अजय कुमार ने कहा कि यही स्थिति अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों की है जिनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए उन्होंने दावे किए थे। कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले 8 वर्षो से लगातार इनके अधिकारों का हनन हो रहा है। बता दे कि दिल्ली में कल यानि रविवार को दिल्ली के सभी 250 वार्डो में एमसीडी चुनाव होंगे जिसकी तैयारियां राज्य चुनाव आयोग द्वारा कर ली गई है।