चीन। आपने अक्सर फिल्मों और कहानियों में मिलने बिछड़ने के किस्से सुने होंगे आज ऐसा ही एक वाक्या हम आपको बताने जा रहे हैं जहां शादी के मंडप में पहुंचीं दुल्हन के खबर मिलती है की जिससे उसकी शादी होने जा रही है वह और कोई नही उसका अपना भाई है। जी हां आपने बिल्कुल ठीक पढ़ा है पूरा मामला भारत के पड़ोसी देश चीन का है। जहां एक चीनी महिला को शादी के दिन ही यह पता चला कि उसके बेटे की जिस लड़की से शादी होने वाली है, वह 20 साल पहले लापता हुई उसकी अपनी बेटी है। इससे भी हैरानी की बात यह है कि सच सामने आने के बाद भी महिला दोनों को शादी की इजाजत दे देती है।
चीन से सामने आए इस पूरे मामले ने सबको हिला कर रख दिया है यह घटना चीन के जिआंगसु प्रांत में सुझू की है जहां एक जोड़ा शादी के बंधन में बंधने जा रहा था। इसी बीच लड़के की मां की नजर दुल्हन के हाथ पर बने एक बर्थमार्क (जन्मजात निशान) पर जाती है जिसे देख महिला हैरान रह जाती है कि दुल्हन के हाथ पर जो बर्थमार्क है वह हूबहू उसकी खोई हुई बेटी जैसा है।
जब उसने निशान की पड़ताल की और दुल्हन से उसके बचपन के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि वह उसकी खोई हुई बेटी है। इस बात का पता चलते ही मां-बेटी एक दूसरे के गले लगकर रोने लगती हैं। बिछड़े माता-पिता से मिलने के बाद दुल्हन ने कहा कि उनसे मिलना शादी वाले दिन से भी ज्यादा खुशी देने वाली बात है।
लड़की को गोद लेने वाले परिजनों ने बताया कि उन्हें वह सड़क किनारे मिली थी जिसे उन्होंने 20 साल पहले गोद ले लिया था। दूल्हे की मां ने जब उनसे लड़की के बारे में पूछा तो वह भी हैरान हो गए क्योंकि आज तक किसी को पता नहीं था कि दुल्हन उनकी असली बेटी नहीं है बल्कि गोद ली गई है। खोई हुई बेटी के मिलने के बाद मां की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और दोनों काफी देर तक एक दूसरे के गले लगे रहे।
इस बीच शादी को लेकर अब यह सवाल खड़ा हो गया था कि आगे क्या किया जाए। यहां लड़की यह सोचकर परेशान थी कि वह अपने बड़े भाई के साथ शादी करने जा रही है। हालांकि बाद में लड़के की मां ने भी खुलासा किया कि उन्होंने बेटे को गोद लिया था उससे उनका खून का रिश्ता नहीं है। ऐसे में दोनों बायोलॉजिकल तौर पर भाई-बहन नहीं हैं। इस तरह दोनों की शादी को मां के साथ समाज की भी मंजूरी मिल गई।
महिला ने बताया कि उसने खोई हुई बेटी को वापस पाने की सभी उम्मीदें खो दी थीं। बेटी को खोने के बाद ही उन्होंने एक लड़के को गोद लिया था जिससे अब लापता बेटी की शादी होने जा रही है। चीन से सामने आए इस अजीबोगरीब मामले ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। किसी फिल्मी कहानी जैसे लगने वाले इस घटना क्रम ने सोशल मीडिया पर भी तहलका मचा दिया।