महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। देवेंद्र फडणवीस के दिल्ली पहुंचने को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फडणवीस राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने की संभावनाओं पर विचार विमर्श कर सकते हैं।
वर्तमान में महाराष्ट्र में जिस प्रकार का राजनीतिक उथल-पुथल मचा हुआ है उसने सभी का अपनी और ध्यान खींचा है। महाराष्ट्र में शिवसेना के नेतृत्व वाली महा वकास आघाडी सरकार फिलहाल संकट का सामना कर रही है। बागी विधायक एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में कई शिवसेना विधायक इस समय असम के एक फाइव स्टार होटल में ठहरे हुए हैं और लगातार महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से महा विकास आघाडी से अलग होने की मांग कर रहे हैं।
बात अगर भाजपा की करें तो भाजपा ने शिवसेना में जारी विद्रोह को शिवसेना का अपना आंतरिक मामला बताते हुए इससे दूरी बना रखी है। लेकिन जिस प्रकार से महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर भाजपा के कई नेताओं के बयान सामने आए हैं उसको देखकर ये जरूर कहा जा सकता है कि महाराष्ट्र की राजनीति पर भाजपा अपनी नजर बनाए हुए हैं।
ऐसे समय में देवेंद्र फडणवीस का दिल्ली पहुंचना कई बातों की ओर इशारा करता है। आपको बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस की आवास पर महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट पर एक बैठक भी हुई थी। इस बैठक के बाद देवेंद्र फडणवीस का दिल्ली पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।