हिंदू धर्म में करवा चौथ सुहागन स्त्रियों के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन सुहागिनें पति की दीर्घायु व सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला उपवास रखती हैं। करवाचौथ का व्रत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी के दिन रखा जाता है। इस दिन संकष्टी चतुर्थी का व्रत भी रखा जाता है। करवाचौथ के व्रत को करक चतुर्थी, दशरथ चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन महिलाएं 16 ऋंगार करती हैं और मां करवाचौथ का व्रत, पूजा और कथा आदि करती हैं।
इस साल करवा चौथ का व्रत 24 अक्टूबर, रविवार के दिन मनाया जाएगा। इस बार करवा चौथ पर शुभ संयोग बनने के कारण इसका महत्व और भी अधिक बढ़ जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार करवा चौथ पर चंद्रमा रोहिणी नक्षत्र में उदित होगा। धार्मिक दृष्टि से यह नक्षत्र बेहद ही शुभ माना जाता है। इस नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं इसलिए माना जाता है कि इस नक्षत्र में चंद्रमा दर्शन करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।
शुभ मुहूर्त और चंद्रोदय का समय
व्रत तिथि : 24 अक्टूबर 2021, दिन रविवार
चतुर्थी तिथि आरंभ : 24 अक्टूबर 2021 रविवार को सुबह 03 बजकर 01 मिनट से
चतुर्थी तिथि समाप्त : 25 अक्टूबर 2021 सोमवार को सुबह 05 बजकर 43 मिनट पर
चंद्रोदय का समय : 8 बजकर 7 मिनट पर
शुभ योग/नक्षत्र
आचार्य नंद किशोर उपाध्याय के अनुसार 24 अक्टूबर को रात 11 बजकर 35 मिनट तक वरियान योग रहेगा। वरीयान योग मंगलदायक कार्यों में सफलता प्रदान करता है। इसके साथ ही देर रात 1 बजकर 2 मिनट तक रोहिणी नक्षत्र रहेगा।
श्रृंगार
लाल रंग के कपड़े या फिर जिस रंग के आउटफिट्स पहनना चाहती हैं। इसके साथ ही सिंदूर, मंगलसूत्र, बिंदी, नथनी, काजल, गजरा, मेहंदी, अंगूठी, चूड़ियां, कर्णफूल (ईयररिंग्स), मांग टीका, कमरबंद, बाजूबंद, बिछिया, पायल
इस तरह राशि के अनुसार रंग चुनकर करें कपड़ों का चयन…
1. मेष राशि की महिलाएं लाल और गोल्डन रंग की साड़ी, लहंगा या सूट पहनकर पूजा करें।
2. वृष राशि की महिलाओं के लिए सिल्वर रंग बेहतर होगा।
3. यदि आपकी मिथुन राशि है तो आप हरा रंग धारण कर सकती हैं। ये आपके लिए काफी शुभ होगा।
4. कर्क राशि की महिलाएं लाल रंग की साड़ी और रंग बिरंगी चूड़ियां पहनें। भगवान को सफेद बर्फी का भोग लगाएं।
5. सिंह राशि वाली महिलाएं लाल, संतरी, गुलाबी या गोल्डन रंग के कपड़े पहनें। इससे आपके पति के बीच प्यार हमेशा बना रहेगा।
6. आपकी अगर कन्या राशि है तो आप लाल, हरी या गोल्डन साड़ी पहनें ताकि दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहे।
7. तुला राशि वाली महिलाएं लाल, गोल्डन या सिल्वर रंग के कपड़े पहनें।
8. वृश्चिक राशि वाली महिलाएं लाल रंग सबसे अच्छा है। महरून या गोल्डन रंग का लहंगा, साड़ी या सूट पहनकर भी पूजा कर सकती हैं।
9. धनु राशि वाले आसमानी या पीले रंग के कपड़े पहनें, भगवान आपकी पूजा जरूर स्वीकार करेंगे।
10. मकर राशि वालों के लिए नीला रंग बहुत शुभ है। नीले रंग की साड़ी या कोई अन्य कपड़े पहनकर आराधना करें।
11. कुंभ राशि वाली महिलाएं भी नीले रंग के वस्त्र पहनें या सिल्वर रंग के कपड़े पहनें।
12. मीन राशि वाली महिलाएं पीले या गोल्डन या दोनों रंग का मिला जुला कोई भी वस्त्र धारण करें। इससे आपकी हर मुराद पूरी होगी।
भूलकर भी न पहनें इन रंगों के कपड़े…
काला रंग – हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य के दौरान काले रंग को धारण करना शुभ नहीं माना जाता है। करवा चौथ के दिन सुहागन महिलाओं को काले रंग के कपड़े बिल्कुल भी नहीं पहनने चाहिए।
भूरा रंग – भूरे रंग को उदासी भरा रंग माना जाता है। इसलिए करवा चौथ के दिन भूरे रंग के कपड़ों को पहनना वर्जित माना जाता है। यही कारण है कि भारत में कुछ जगहों पर करवा चौथ पर भूरे रंग के कपड़े पहनना अशुभ माना जाता है।
सफेद रंग – ऐसी मान्यता है कि सुहागन महिलाओं को सफेद रंग के कपड़े नहीं पहनने चाहिए। ये रंग वैसे तो शांति का प्रतीक माना जाता है। श्रृंगार के किसी पर्व पर सफेद रंग के कपड़ों को पहनना वर्जित माना जाता है। इसलिए करवा चौथ के दिन महिलाओं को सफेद रंग के कपड़े नहीं पहनने चाहिए।