कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से चलकर अब कश्मीर पहुंच गई है। लेकिन इसी दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जम्मू कश्मीर में एक ऐसा बयान दे दिया जिसको लेकर उनकी हर और निंदा हो रही है और खासकर भारतीय जनता पार्टी तथा केंद्र की मोदी सरकार ने इस को लेकर कांग्रेस और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है। दरअसल, जम्मू में दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर फिर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की ये लोग सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं लेकिन प्रमाण मांगो तो कुछ नहीं। दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि ये लोग सिर्फ झूठ पर शासन कर रहे हैं। वहीं दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगे जाने को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कहा कि दिग्विजय सिंह बार-बार ऐसा बयान देकर सेना का मनोबल गिराने का कार्य कर रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से निकलकर कश्मीर जा पहुंची है और इस यात्रा के दौरान काफी कुछ देखने को भी मिला है।
भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए हैं और बीच-बीच में फिल्म और खेल जगत से भी कई सितारे इस यात्रा में शामिल होते हुए दिखाई दिए। पाकिस्तान पर भारतीय सेना द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगे जाने को लेकर दिग्विजय सिंह के बयान की निंदा हो रही है। ऐसा नहीं है कि दिग्विजय सिंह ने पहली बार सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़े किए हो इससे पहले भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांग चुके हैं और इस लिस्ट में सिर्फ दिग्विजय सिंह नहीं बल्कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से लेकर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं।
वही इस मामले को बढ़ता देख कांग्रेस पार्टी ने दिग्विजय सिंह के इस बयान से अपना पल्ला झाड़ लिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि यह दिग्विजय सिंह का निजी विचार है और इससे पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। वही बीजेपी लगातार दिग्विजय सिंह के इस बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साध रही है।