दिल्ली में प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त जल्द ही महंगी होने वाली है। दरअसल दिल्ली नगर निगम के स्पेशल ऑफिसर अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में दिल्ली में प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त पर लगने वाली ट्रांसफर ड्यूटी को एक फ़ीसदी बढ़ाने का फैसला लिया गया है। एमसीडी के इस कदम से दिल्ली में प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त महंगी हो सकती है। दरअसल दिल्ली के तीनों नगर निगमों को एकीकृत करने के बाद अब उसकी वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। जिनमें से प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त पर ट्रांसफर ड्यूटी को 1% बढ़ाना भी इसी दिशा में उठाया गया एक कदम है।
एमसीडी द्वारा उठाए गए इस कदम को कड़ा माना जा रहा है क्योंकि इससे राजधानी में प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त महंगी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली नगर निगम ने 25 लाख से ऊपर के की संपत्ति की खरीद-फरोख्त पर ट्रांसफर ड्यूटी बढ़ाने का निर्णय लिया है। आधिकारिक सूत्र ये भी बताते हैं कि इस बढ़ोतरी के बाद पुरुषों के लिए ट्रांसफर शुल्क 4 फ़ीसदी और महिलाओं के लिए 3 फ़ीसदी हो गया है। बता दें कि इससे पहले यह पुरुषों के लिए 3 फ़ीसदी और महिलाओं के लिए 2 फ़ीसदी था।