दिल्ली में लगातार हो रही बारिश से दिल्लीवासियों के लिए एक बहुत बड़ा संकट पैदा हो गया है। दरअसल कुछ दिन से हो रही लागतार तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भरने की शिकायत सामने आ रही है। तेज बारिश से यमुना नदी का जल स्तर भी बढ़ गया है। अधिकारियों के अनुसार पिछले 24 घंटों में पानी के बहाव की दर 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी जो इस साल के लिए सबसे अधिक है।
दरअसल, बारिश और हथनिकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का जलस्तर 203.37 मीटर तक बढ़ गया। जो खतरे के निशान 204.50 मीटर के करीब है। अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन ने मंगलवार को निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया था और गर वक्त निगरानी की जा रही है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, ‘‘जल स्तर ओल्ड रेलवे ब्रिज पर 203.37 मीटर पर दर्ज किया गया।
’’उन्होंने कहा कि दिल्ली और ऊपरी डूब वाले इलाकों में बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है। हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथनीकुंड बैराज से नदी में और पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले 24 घंटों में पानी के बहाव की दर 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी जो इस साल के लिए सबसे अधिक है।’’ बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने तक आम तौर पर दो से तीन दिन लगते हैं।
बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे 85,879 क्यूसेक की दर से यमुना में पानी छोड़ा जा रहा था। हथनीकुंड बैराज से पानी के बहाव की दर 352 क्यूसेक होती है लेकिन डूब वाले इलाकों में भारी बारिश के बाद ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकंड के बराबर होता है। अधिकारी ने बताया कि डूब वाले इलाकों में बारिश का अनुमान है अत: जल स्तर और बढ़ सकता है।